माँ भगवती जन सेवा समिति के चौथे कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ
हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने गुरुवार को माँ भगवती जन सेवा समिति द्वारा आयोजित चौथे विशाल कांवड़ सेवा शिविर एवं भंडारे का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है तथा श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा सबसे बड़ा धर्म है।
विधायक ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से कांवड़ियों के लिए भोजन, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर समिति समाज सेवा का अनुकरणीय कार्य कर रही है।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश उपाध्याय ने बताया कि स्थानीय कॉलोनीवासियों एवं ग्रामवासियों के सहयोग से संचालित इस सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए 24 घंटे निशुल्क भंडारे की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्नान, विश्राम, स्वच्छ पेयजल तथा प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से आने वाले शिवभक्तों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराना और सेवा की भावना को सशक्त करना है।
शुभारंभ समारोह में समिति के उपाध्यक्ष तुलसीराम शर्मा, सचिव सतीश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष शिव कुमार, मीडिया प्रभारी संतोष पांडे, अनिल उपाध्याय, नेकराम, विनोद कुमार, सुभाष चंद्र सहित समिति के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
