जनगणना-2027 के तहत जनप्रतिनिधियों ने की स्वगणना, आमजन से भी प्रक्रिया में भाग लेने की अपील
स्वगणना से परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं नागरिक, जनगणना कार्य होगा अधिक सरल और सुगम
जनगणना-2027 के अंतर्गत जनपद में स्वगणना को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा भी पहल की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्र पंचायत प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, अध्यक्ष नगर पंचायत लंबगांव रोशन रांगड़ एवं अध्यक्ष नगर पंचायत घनसाली आनंद बिष्ट ने स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने जनपदवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी स्वगणना अवश्य करें। उन्होंने कहा कि स्वगणना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार एवं सदस्यों से संबंधित आवश्यक विवरण स्वयं दर्ज कर सकता है। इससे जानकारी की शुद्धता एवं पूर्णता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर लेने से गणनाकर्ताओं के घर पहुंचने पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में आसानी होगी। इससे गणनाकर्ताओं और आमजन दोनों का समय बचेगा तथा जनगणना कार्य को अधिक सरल, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मदद मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से निर्धारित समयावधि में स्वगणना कर इस महत्वपूर्ण कार्य में अपना सहयोग देने की अपील की।
स्वगणना के लिए आधिकारिक लिंक:
https://se.census.gov.in/
नागरिक उक्त पोर्टल पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
