
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में सेवा पखवाड़े के तहत गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश चौहान जिला अस्पताल पहुँचे। यहाँ उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें फल वितरित किए। विधायक के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नगर मंडल अध्यक्ष राजीव बहुगुणा सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर अस्पताल के अलग-अलग वार्डों का भ्रमण किया और मरीजों को फल वितरित कर उनसे संवाद किया।
फल वितरण कार्यक्रम के बाद विधायक सुरेश चौहान ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और तिमारदारों के साथ अस्पताल स्टाफ का व्यवहार हर हाल में सौम्य और सहयोगात्मक होना चाहिए। विधायक ने जोर देकर कहा कि जिला अस्पताल सीमांत क्षेत्र उत्तरकाशी की धड़कन है, इसलिए यहाँ स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हर स्तर पर संवेदनशीलता आवश्यक है।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का संकल्प है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचें। सरकार लगातार संसाधन उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बना रही है और किसी भी स्तर की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन को साफ निर्देश दिए गए हैं कि भर्ती मरीजों की देखभाल पूरी संवेदनशीलता के साथ हो और अस्पताल में स्वच्छता पर कोई समझौता न किया जाए।
विधायक ने यह भी कहा कि सेवा पखवाड़े जैसे कार्यक्रम जनता से जुड़ाव का वास्तविक अवसर होते हैं। इस दौरान मरीजों और जरूरतमंदों तक सहयोग पहुँचाना ही राजनीति की सच्ची पहचान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा को ही संगठन का मूल मानती है और इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री धामी का जन्मदिन जनसेवा के रूप में मनाया जा रहा है।
उत्तरकाशी के जिला अस्पताल में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक ओर मरीजों को राहत और संतोष प्रदान किया, वहीं दूसरी ओर यह संदेश भी दिया कि सरकार सीमांत क्षेत्र की जनता की समस्याओं और उनकी बुनियादी जरूरतों को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। विधायक के निरीक्षण और निर्देशों से अस्पताल प्रशासन पर भी जिम्मेदारी और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश गया है।