होरासिस ग्लोबल समिट में भारत से डा साध्वी भगवती सरस्वती जी ने दिया शांति, नारी नेतृत्व और सामूहिक भविष्य निर्माण का प्रेरक उद्बोधन
वैश्विक नेतृत्व के मंच पर अध्यात्म की सशक्त आवाज बनीं साध्वी भगवती सरस्वती जी
शक्ति से शांति, नारी नेतृत्व से समावेशी समाज और व्यक्तिगत उत्तरदायित्व से बेहतर विश्व निर्माण का दिया संदेश
विश्व के प्रमुख बिजनेस लीडर्स, टेक्नोलॉजी लीडर्स, पॉलिसी मेकर्स, एआई डेवलपर्स, सरकारी प्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित नेतृत्वकर्ताओं के बीच डा साध्वी भगवती सरस्वती जी आध्यात्मिक जगत का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र आध्यात्मिक नेतृत्वकर्ता
मेडेलिन, कोलंबिया, 13 नवम्बर। होरासिस ग्लोबल समिट में परमार्थ निकेतन की डा साध्वी भगवती सरस्वती जी ने तीन महत्वपूर्ण वैश्विक सत्रों में सहभागिता करते हुए शांति, नारी शक्ति, वैश्विक नेतृत्व और मानवता के साझा भविष्य पर अत्यंत प्रेरक एवं दूरदर्शी उद्बोधन दिया। विश्व के प्रमुख बिजनेस लीडर्स, टेक्नोलॉजी लीडर्स, पॉलिसी मेकर्स, एआई डेवलपर्स, सरकारी प्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिष्ठित नेतृत्वकर्ताओं के बीच डा साध्वी भगवती सरस्वती जी आध्यात्मिक जगत का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र आध्यात्मिक नेतृत्वकर्ता थीं।
उन्होंने वैश्विक विमर्श को एक नई दिशा देते हुए यह संदेश दिया कि दुनिया का भविष्य केवल आर्थिक शक्ति, तकनीकी प्रगति और राजनीतिक सामथ्र्य से नहीं, बल्कि हमारी दृष्टि, चेतना, करुणा और सामूहिक उत्तरदायित्व से भी निर्धारित होगा।
समिट के प्रथम प्रमुख सत्र ‘पावर, पीस एंड द फ्यूचर ऑफ ग्लोबल ऑर्डर’ में डा साध्वी भगवती सरस्वती जी ने शक्ति, शांति और वैश्विक व्यवस्था के संबंधों पर अपने विचार साझा किए। इस सत्र में विश्व में बढ़ती भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा, सैन्य शक्ति, रणनीतिक वर्चस्व और स्थायी शांति की चुनौतियों पर चर्चा हुई। डा साध्वी जी ने इस विमर्श को आध्यात्मिक दृष्टिकोण प्रदान करते हुए कहा कि वास्तविक शांति केवल शक्ति और प्रभुत्व से स्थापित नहीं हो सकती। शांति के लिए आवश्यक है कि हम अपनी चेतना में शांति विकसित करें, एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखें और संपूर्ण विश्व को एक परिवार के रूप में देखें। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ केवल एक भारतीय विचार नहीं, बल्कि आज की वैश्विक चुनौतियों का समाधान देने वाला जीवन-दर्शन है।
उन्होंने कहा कि विश्व में शांति स्थापित करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझनी होगी। हम अक्सर शांति की अपेक्षा सरकारों, राष्ट्रों और विश्व नेताओं से करते हैं, लेकिन शांति की शुरुआत हमारे अपने विचारों, व्यवहार, संबंधों और जीवनशैली से होती है। जब तक व्यक्ति के भीतर शांति, करुणा और सह-अस्तित्व का भाव विकसित नहीं होगा, तब तक वैश्विक स्तर पर स्थायी शांति की कल्पना अधूरी रहेगी।

समिट के विशेष सत्र विमेन बिल्डिंग टुमारो में डा साध्वी जी ने नारी नेतृत्व, महिला सशक्तीकरण और समावेशी भविष्य के निर्माण पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस सत्र में इक्वाडोर की पूर्व राष्ट्रपति रोसालिया आर्टेगा सहित विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं ने सहभागिता की। डा साध्वी जी ने नारी शक्ति को समाज, परिवार, संस्थाओं और विश्व के भविष्य को दिशा देने वाली सृजनात्मक शक्ति बताया। उन्होंने मां दुर्गा के स्वरूप और उनके द्वारा असुर शक्तियों पर विजय के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी शक्ति में सृजन, संरक्षण, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की अद्भुत क्षमता है।
समिट के समापन सत्र बिल्डिंग कॉमन ग्राउंड में डा साध्वी जी ने अपने आध्यात्मिक संदेश और समापन आशीर्वचनों से पूरे वैश्विक विमर्श को एक व्यापक मानवीय दृष्टि प्रदान की। उन्होंने कहा कि हम सभी किसी न किसी रूप में लीडर्स हैं। नेतृत्व केवल किसी पद, संस्था या जिम्मेदारी का नाम नहीं है, बल्कि यह उस दृष्टि का नाम है जिसके आधार पर हम अपने निर्णय लेते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए भविष्य का निर्माण करते हैं। आज हमें स्वयं से पूछना होगा कि हम अपने लिए, अपने बच्चों के लिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी दुनिया बना रहे हैं।
डा साध्वी भगवती सरस्वती जी ने कहा, “जैसी दृष्टि, वैसी सृष्टि। हमारी दृष्टि ही हमारे भविष्य का निर्माण करती है। हमें स्वयं से पूछना होगा कि क्या हम प्रकृति को मां के रूप में देखते हैं या केवल संसाधन के रूप में? क्या हम धरती को एक पवित्र धरोहर मानते हैं या केवल उपयोग की वस्तु? जिस दिन हमारी दृष्टि बदल जाएगी, उस दिन हमारी सृष्टि भी बदलने लगेगी। यदि हम धरती को केवल संसाधन नहीं, बल्कि मां के रूप में देखेंगे, तो हमारा व्यवहार, हमारी नीतियां और हमारे निर्णय भी बदल जाएंगे।”
होरासिस ग्लोबल समिट में डा साध्वी भगवती सरस्वती जी की सहभागिता ने वैश्विक नेतृत्व के विमर्श में भारतीय अध्यात्म, सनातन संस्कृति और वसुधैव कुटुम्बकम् के शाश्वत दर्शन को प्रभावशाली अभिव्यक्ति प्रदान की।
उनका संदेश स्पष्ट था कि शांति केवल समझौतों से नहीं, चेतना से आती है और भविष्य केवल योजनाओं से नहीं, हमारी दृष्टि और जीवन के प्रत्येक निर्णय से बनता है। यही दृष्टि एक शांतिपूर्ण, समावेशी, संवेदनशील और सतत विश्व के निर्माण का आधार बन सकती है।
इस अवसर पर पूज्य साध्वी भगवती सरस्वती जी, महासचिव, ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस, भारत, मार्टिन बर्ट, संस्थापक एवं कार्यकारी निदेशक, फंडासियोन पराग्वाया, पराग्वे, सेकाई हॉलैंड, जिम्बाब्वे सरकार की पूर्व मंत्री एवं अध्यक्ष, जिम्बाब्वे पीसबिल्डिंग इनिशिएटिव, कैमिला उरीबे विला, कार्यकारी निदेशक, कासा डे लास एस्ट्रेटेजियास, कोलंबिया, वैलेंटिना जॉर्डन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नौटा, अमेरिका, रोसालिया आर्टेगा, इक्वाडोर की पूर्व राष्ट्रपति, डैफ्ने लान, संस्थापक, प्लैनेटिर, नीदरलैंड, जेनी लिंडो,राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था एवं सार्वजनिक वित्त नियंत्रक, कोलंबिया, जो-जो मेहता, सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्टॉप इकोसाइड इंटरनेशनल, यूनाइटेड किंगडम, मार्सेलो जुफो, अध्यक्ष, इनोवा यूएसपी, ब्राजील, बेंजामिन जे. बटलर, संस्थापक, एम्बेसी ऑफ द फ्यूचर, हांगकांग, एना मारिया बेग्ले, लैटिन अमेरिका निदेशक, होरासिस, स्विट्जरलैंड, क्लॉड बेग्ले, अध्यक्ष, सिम्बियोस्विस, स्विट्जरलैंड, फ्रैंक-युर्गेन रिक्टर, अध्यक्ष, होरासिस, स्विट्जरलैंड, प्रीति उपाला, संस्थापक, द ओम्निया इंस्टीट्यूट, अमेरिका आदि अनेक वैश्विक विभूतियों को गरिमामयी उपस्थिति रही।
