*नई टिहरी में फसाड के तहत पहाड़ी परिवेश और पुरानी टिहरी की झलक से होगा सौंदर्यीकरण*
*नई टिहरी को मिलेगा नया आकर्षक स्वरूप, दीवारों पर उकेरी जाएगी पुरानी टिहरी की यादें*
नई टिहरी शहर में फसाड (Facade) के तहत भवनों एवं बाजार क्षेत्र के बाहरी स्वरूप का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फसाड सौंदर्यीकरण के तहत शहर के प्रमुख बाजार एवं मार्गों पर स्थित भवनों के बाहरी हिस्से को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। इसके अंतर्गत माल रोड का सौंदर्यीकरण, दुकानों के पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, दो शौचालयों का निर्माण, भवनों के फ्रंट की पेंटिंग, एक समान कलर थीम, आकर्षक डिजाइन एवं एक समान रेलिंग, साइन बोर्ड, लाइटिंग सहित अन्य सजावटी कार्य किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि सौंदर्यीकरण की थीम में पहाड़ी परिवेश, स्थानीय संस्कृति एवं पुरानी टिहरी की यादों को दर्शाने वाली वॉल पेंटिंग को शामिल किया जाए, ताकि शहर को उसकी विशिष्ट पहचान के अनुरूप आकर्षक स्वरूप दिया जा सके। उन्होंने विद्युत तारों एवं विद्युत पोल को व्यवस्थित करने तथा तारों को भूमिगत करने के लिए यूपीसीएल से पत्राचार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए संबंधित क्षेत्रों का साइट विजिट कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा अधिकांश कार्यों को दिसंबर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसाड कार्य के दौरान यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है, तो संबंधित उप जिलाधिकारी एवं नगर पालिका के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ नई टिहरी की भौगोलिक, पहाड़ी एवं सांस्कृतिक पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि शहर को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप मिल सके।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष टिहरी भगवान सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
