विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के संबंध में 05 अगस्त को राजनीतिक दलों के साथ होगी बैठक
दावे-आपत्तियों की प्रगति, नोटिस वितरण एवं सुनवाई की समीक्षा करेंगे जिलाधिकारी
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अद्यतन का कार्य जनपद रुद्रप्रयाग में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रगति पर है। वर्तमान में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने तथा नोटिस वितरण तथा सुनवाई का कार्य गतिमान है।
इसी क्रम में दिनांक 05 अगस्त, 2026 (बुधवार) को प्रातः 11:00 बजे बहुद्देशीय क्रीड़ा भवन, अगस्त्यमुनि में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जनपद के मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत अब तक संपादित कार्यों की समीक्षा, प्राप्त दावे एवं आपत्तियों की स्थिति, नोटिस वितरण, सुनवाई की प्रक्रिया, मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए राजनीतिक दलों से अपेक्षित सहयोग तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बैठक के लिए सभी संबंधित राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि को अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
